रियासत में मौसम फिर आफत लेकर आया है। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में जोरदार बारिश से जनजीवन पटरी से उतर गया है। उधमपुर के खैरी इलाके में पहाड़ से चट्टानें खिसकने से जम्मू-श्रीनगर हाईवे दोबारा कर दिया गया। इससे दोनों ओर रास्ते में सैकड़ों वाहन फंस गए हैं।
भद्रवाह-किश्तवाड़ सड़क मार्ग भी बंद हो गया है। कटड़ा-सांझीछत में बारिश से हेलीकाप्टर सेवा प्रभावित रही। खराब मौसम से जम्मू एयरपोर्ट पर कई उड़ानें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। राजोरी जिले में तेज हवाओं और ओले गिरने से रबी की फसल को नुकसान पहुंचा है।
कई पहाड़ी क्षेत्रों में बिजली-पानी की सप्लाई ठप हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बर्फबारी के साथ बारिश होगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।
कठुआ जिले के बनी सब डिवीजन के सरथल, छत्तरगलां और डग्गर सहित आसपास के इलाकों में ताजा बर्फबारी से मुख्य मार्ग और कई अन्य रास्ते बंद हो गए हैं। नदी-नालों में बाढ़ आने से कई गांवों का आपस में संपर्क टूट गया है।