जम्मू शहर की बीमार सड़कों को इलाज की दरकार है। शहर के लगभग हर चौक-चौराहे और बाजारों में सड़कों की खस्ता हालत से लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। खासतौर से टूटी-फूटी सड़कों से दो पहिया चालक आए दिन फिसल कर जख्मी हो रहे हैं।
शीतकालीन राजधानी जम्मू के अति व्यस्त ज्यूल चौक का इलाका हो या फिर शहर के इकलौते एमए स्टेडियम के सामने वाली सड़कों की हालत, या फिर बस स्टैंड के आसपास का इलाका, हर जगह खस्ताहाल सड़कों पर मरम्मत की जरूरत है। टूटी-फूटी सड़कें शहर को तो बदरंग कर रही हैं।
शहर में आने वाले पर्यटकों के लिए जम्मू की छवि को खराब कर रही है। जम्मू बस स्टैंड पर पहुंचे पंजाब के निवासी हरजिंद्र सिंह ने कहा कि वह जम्मू में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर जा रहे हैं। उनका घर तालाब तिल्लो में है, लेकिन जम्मू की सड़कों की बुरी हालत है।
बस स्टैंड से लेकर ज्यूल चौक तक बुरी हालत है। पिछली बार भी वह जब यहां आए थे तो सड़कों की हालत और जाम की समस्या ऐसे ही थी। इसमें अब तक कोई सुधार नहीं आया है।
ऐसे ही शिव सेना नेता डिंपी कोहली का कहना है कि शहर की सड़कों में सुधार लाने और तत्काल मरम्मत की जरूरत है, ताकि पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने के अलावा शहर की खूबसूरती बढ़ सके और वाहन चालकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।