रियासत में बम भोले के जयघोष के साथ ज्येष्ठ पूर्णिमा पर आगामी 28 जून से श्री अमरनाथ यात्रा 2018 का आगाज होगा। श्रावण पूर्णिमा (रक्षाबंधन) 26 अगस्त तक चलने वाली 60 दिन की यह लंबी यात्रा दस साल बाद हो रही है। वर्ष 2016 के मुकाबले इस साल यात्रा बीस दिन ज्यादा होगी।
यात्रा के लिए आगामी 1 मार्च से देशभर के 32 राज्यों और केंद्र शासित राज्यों में 437 पंजाब नेशनल बैंक, जेएंडके बैंक और यस बैंक की शाखाओं में एडवांस पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी। पंजीकरण के लिए मेडिकल प्रमाण पत्र बनाना अनिवार्य होगा।
नई दिल्ली में मंगलवार को श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन व जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में इस पर फैसला लिया गया। बैठक में बोर्ड सदस्यों में श्रीश्री रविशंकर, डा. कपिला वात्सयान, प्रो. वेद कुमारी घई, पं. भजन सोपोरी, विजय धर, सुनीता नारायण, डा. देवी प्रसाद शेट्टी, डीसी रैना, प्रो. चंद्र मोली रैणा, अतिरिक्त सीईओ भूपेंद्र कुमार मौजूद रहे।