जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अखनूर ने करवाया कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीजीपीसी) अखनूर ने शुक्रवार को नववर्ष मिलन समारोह करवाया। इसका मुख्य उद्देश्य आपसी भाईचारे, शांति, एकता और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को सशक्त करना रहा। समारोह में विभिन्न धर्मों और समाज के हर वर्ग के लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
एसडीएम मुख्तियार लोन, एसडीपीओ वरिंदर गुप्ता, एसएचओ राजेश जसरोटिया, तहसीलदार नरेश कुमार व भाजपा जिला अध्यक्ष कुलदीप बनोत्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। नववर्ष मिलन कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विचार साझा करते हुए सभी धर्मों के सम्मान, शांति, सहिष्णुता व एकता जैसे मूल्यों पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि इन्हीं मूल्यों के आधार पर देश की सामाजिक एकता और भारत की धर्मनिरपेक्ष पहचान सुदृढ़ होती है। साथ ही लोगों से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की गई।
कल निकाला जाएगा नगर कीर्तन
डीजीपीसी अखनूर ने श्री गुरु गोबिंद सिंह के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विशाल नगर कीर्तन निकालने की घोषणा भी की। नगर कीर्तन रविवार चार जनवरी को निकाला जाएगा। सुबह 9 बजे दसकाल मोड़, पुंछ रोड से शुरू होकर विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए अपराह्न तीन बजे नगर कीर्तन गुरुद्वारा तपो स्थान अखनूर में संपन्न होगा। कार्यक्रम का आयोजन सरदार रणवीर सिंह अध्यक्ष डीजीपीसी अखनूर के नेतृत्व में किया गया। अंत में जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने समस्त संगत व आम जनता से अपील की कि वे नगर कीर्तन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर श्री गुरु गोबिंद सिंह का आशीर्वाद प्राप्त करें और एकता व शांति के संदेश को आगे बढ़ाएं।