- सचिवालय के आसपास ड्रेनेज, सड़क मरम्मत और सफाई के काम जारी
- बीसी रोड के क्वार्टर और पुंछ हाउस में मरम्मत पूरी होने में लगेगा समय
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू सचिवालय में दो नवंबर से सरकारी कामकाज शुरू होना है लेकिन दरबार मूव से पहले शहर में तैयारियां पूरी नहीं हो पाई हैं। सचिवालय के आसपास ड्रेनेज, सड़क मरम्मत और रंग-रोगन का काम जारी है। पास के चौक पर बंद पड़ा फव्वारा और जमा गंदगी भी व्यवस्था की स्थिति उजागर कर रहे हैं।
बीसी रोड स्थित पुराने सरकारी क्वार्टर में मरम्मत, रंग-रोगन और सफाई का काम अधूरा है। मुख्य प्रवेश द्वार पर ड्रेनेज का काम चल रहा है। स्टेट गवर्नमेंट डिवीजन के जेई दरविंदर सलारिया ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण काम समय पर शुरू नहीं हो सका। इमारत की सफाई और रंग-रोगन जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
पंजतीर्थी स्थित पुंछ हाउस में भी मरम्मत, सफाई और पार्किंग स्थल पर टाइलें लगाने का काम जारी है। जेई अंकुश के अनुसार मरम्मत और अन्य सुविधाओं के विकास में करीब 90 दिन लगेंगे। इंदिरा चौक से तवी पुल तक डिवाइडरों की सफाई और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तेज की गई है। दरबार मूव की निर्धारित तारीख नजदीक होने के बावजूद सरकारी इमारतों और सचिवालय के आसपास काम जारी रहने से तैयारियां समय पर पूरी करने की चुनौती बनी हुई है।