शहीद सैनिक औरंगजेब के परिवार को आतंकियों से खतरा है। ऐसी सूचनाएं मिलने के बाद सेना की राष्ट्रीय राइफल की ओर से औरंगजेब के घर के बाहर सेना तैनात कर दी गई है। खुफिया सूचना है कि औरंगजेब के परिवार पर आतंकी हमला कर सकते हैं।
जानकारी के अनुसार औरंगजेब के घर के पास ही सेना की 39 आरआर का कैंप है। औरंगजेब के घर के आसपास से गुजरने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। आने जाने वाले लोगों से सेना के जवान पूछताछ कर रहे हैं। दरअसल, कैंप के नजदीक होने के चलते सेना के जवान दिन भर गश्त करते रहते हैं।
यह भी जानकारी मिली है कि सुरक्षा कारणों को लेकर औरंगजेब के परिवार को दिल्ली शिफ्ट किया जा सकता है। सूत्रों का यह भी कहना है कि औरंगजेब के दोनों भाइयों को जल्द ही सेना में भर्ती किया जा सकता है।
बताते चलें कि पुंछ जिले के मेंढर में रहने वाले औरंगजेब की आतंकियों ने हत्या कर दी थी। आतंकी समीर टाइगर को मारने के लिए चलाए जाने वाले आपरेशन में औरंगजेब शामिल था। इसके बाद से ही वह आतंकियों के निशाने पर आ गया था। औरंगजेब ईद पर छुट्टी लेकर घर आया तो आतंकियों ने उसका अपहरण कर लिया और उसे मार दिया।