माता वैष्णो देवी प्राकृतिक पिंडियां
- फोटो : फाइल फोटो, अमर उजाला
माता वैष्णो देवी की दिव्य अटका आरती में शामिल होने के लिए अब पहले से लगभग दोगुना भुगतान करना पड़ेगा। नई दर आज (सोमवार) से लागू हो गई है। यात्रियों को मां के भवन में प्राकृतिक पिंडियों के समक्ष सुबह व शाम होने वाली आरती में शामिल होने के लिए प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये देना पडे़गा। पहले यह राशि ग्यारह सौ थी।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की 64वीं बोर्ड बैठक में अटका आरती की दरें बढ़ाई गई हैं। नई दरों के हिसाब से ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण करने पर प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये देने होंगे। इससे पहले प्रति व्यक्ति 11 सौ और एक साथ दो व्यक्तियों के पंजीकरण पर 21 सौ देना पड़ता था।
नवरात्र में अटका आरती में भाग लेने वाले भक्तों की संख्या में इजाफा होता है। श्राइन बोर्ड ने चैत्र नवरात्र के शुरू के छह दिन पहले ही अटका की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। इसकी बुकिंग की सुविधा आमतौर पर ऑनलाइन ही होती है। किसी प्रकार बुकिंग खाली होने पर भवन में इसकी सुविधा उपलब्ध रहती है।