कश्मीर हिंसा के तहत रविवार को छिटपुट घटनाएं हुईं। भीड़ ने शोपियां जिले के इमाम साहब क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर पथराव किया और एसओजी कैंप पर हमला कर दिया। इस दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए की गई फायरिंग में दो लोग घायल हो गए।
कुछ अन्य स्थानों पर भी सुरक्षा बलों पर पथराव किया गया। इस बीच बारामुला के सोपोर के घायल युवक की रविवार को अस्पताल में मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवक पेड़ से गिरने से घायल हुआ था न कि हिंसा में। सोपोर पुलिस स्टेशन में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया है।
श्रीनगर के पांच थाना क्षेत्रों के अलावा अनंतनाग, पुलवामा, बारामुला तथा शोपियां में कर्फ्यू रविवार को भी जारी रहा। इसके अलावा पूरी घाटी में पाबंदियां हैं। चार या चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक है।