दक्षिणी कश्मीर के शांगस इलाके में शुक्रवार को कोरोना वायरस के संबंध में लोगों की स्क्रीनिंग के लिए गए महिला स्वास्थ्य कर्मियों पर लोगों ने हमला कर दिया। उनकी पिटाई की और दौड़ा लिया। जिले के सीएमओ ने मामले की जानकारी डीसी को देते हुए हमले करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके पहले भी घाटी में दो मामले स्वास्थ्यकर्मियों से बदसलूकी के सामने आ चुके हैं।
बताते हैं कि स्वास्थ्य विभाग की टीम स्क्रीनिंग के लिए इलाके में गई थी। टीम को देखते ही लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी पिटाई की। साथ ही उन्हें खदेड़ लिया। लोगों के रुख को देखते हुए टीम वहां से निकल आई। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी सीएमओ को दी।
हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें महिला स्वास्थ्य कर्मियों को भागते तथा उन्हें थप्पड़ जड़ते हुए देखा जा सकता है। सीएमओ डा. मुख्तार ने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी लोगों ने रेड जोन घोषित खारपोरा इलाके में टीम को पीटा था।
ज्ञात हो कि केंद्र सरकार की ओर से स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले करने वालों के लिए सात साल की सजा का प्रावधान किया गया है। इसके बाद भी लोग बाज नहीं आ रहे हैं।