दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया है । इस हमले में सीआरपीएफ के 5 जवान घायल हुए हैं । आतंकियों का हमला उस वक्त हुआ है जब ये जवान अपनी रूटीन हाइवे पेट्रोलिंग पर निकले हुए थे ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनंतनाग के वनपोह में सीआरपीएफ के इन जवानों पर हमले के बाद सेना और सीआरपीएफ के उच्च अधिकारी यहां पहुंच गए हैं । घटना के बाद पूरे इलाके को घेर कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है । इस हमले में घायल हुए सभी सीआरपीएफ जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है ।
FLASH: Five CRPF jawans injured in grenade attack in Anantnag district's Wanpoh (J&K). More details awaited.
— ANI (@ANI_news) September 26, 2016
गौरतलब है कि आज सुबह भी उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में भारत- पाक सीमा के रास्ते आतंकी घुसपैठ की खबरें आई थी । प्राप्त जानकारी के अनुसार बांदीपोरा के गुरेज सेक्टर में आज सुबह भारतीय सेना की चौकियों पर हमला हुआ था जिसके बाद भारतीय सेना के जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया ।
इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में सेना का सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है । सेना आतंकियों की तलाश में हेलीकॉप्टर की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रही है ।