बिलावर। कस्बे में जम्मू कश्मीर बैंक के सभी एटीएम बंद होने से लोगों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
दूरदराज पहाड़ी इलाके किंडली के मोहम्मद यूनुस ने बताया कि वह अपने किसी रिश्तेदार का इलाज कराने के लिए उपजिला अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन एटीएम से पैसे न निकलने पर उन्हें पैसे उधार लेने पड़े। ईशान सिंह ने बताया कि कस्बे में लगाए गए तीनों एटीएम की सेवाएं बंद होने से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ीं। वह किसी काम के लिए जम्मू जा रहे थे, लेकिन एटीएम से पैसे न निकलने पर उन्हें वापस अपने घर मल्हार लौटना पड़ा।
पंच जोगिंदर सिंह ने बताया कि जम्मू कश्मीर बैंक के एटीएम के साथ-साथ कस्बे में भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम भी खराब हैं। रविवार को अवकाश के चलते सभी बैंक शाखाएं बंद होने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ीं। लोगों ने बैंक प्रबंधकों से मांग की है कि अवकाश के दिन कस्बे में लगाए गए सभी एटीएम सुचारू किए जाएं।