संभाग के व्यापारियों के पुराने संगठन एसोसिएटेड चैंबर आफ ट्रेडर्स फेडरेशन का नाम बदल दिया गया है। फेडरेशन की बुधवार को हुई आम बैठक में सदस्यों ने नए नाम ‘चैंबर आफ ट्रेडर्स फेडरेशन’ पर मुहर लगा दी।
हालांकि, नाम बदलने पर कुछ पदाधिकारियों और सदस्यों में कुछ मतभेद देखा गया, लेकिन अंतत: नए नाम पर सहमति बन गई। इसके अलावा फेडरेशन के प्रेसीडेंट यशपाल गुप्ता ने संगठन के चुनाव को लेकर रिपोर्ट पेश की और अक्तूबर में चुनाव करवाने का फैसला लिया गया।
विधानसभा चुनाव और दीवाली के त्योहार को देखते हुए कुछ सदस्यों ने चुनाव सितंबर में करवाने का सुझाव दिया, जिस पर प्रेसीडेंट ने कहा कि सदस्यों की सहमति पर अक्तूबर की अंतिम तिथि तय की जाएगी। यदि विस चुनाव अक्तूबर-नवंबर में होते हैं तो तिथि को कुछ पहले किया जाएगा।
बैठक में कटड़ा तक रेललाइन बढ़ने से जम्मू के व्यापारियों को होने वाले नुकसान का मुद्दा भी उठा। प्रेसीडेंट गुप्ता ने कहा कि सरकार ने आश्वासन दिया था कि जम्मू में पर्यटन के ऐसे प्रोजेक्ट तैयार किए जाएंगे।
जिससे व्यापारियों को किसी प्रकार का नुकसान न हो। लेकिन कटड़ा रेल शुरू हो चुकी है और एक भी प्रोजेक्ट पूरा नहीं हुआ है, जिससे जम्मू में पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। बैठक में बड़े होलसेल शोरूम का मामला भी उठा।
व्यापारियों का आरोप था कि उक्त कारोबारी होलसेल नहीं, बल्कि रिटेल मार्केटिंग कर रहा है। इस संबंध में सेल्स टैक्स विभाग के पास आरटीआई दर्ज कर यह पूछा जाए कि उन्होंने किन शोरूम या व्यापारियों को माल बेचा।
इसके अलावा रिटेल में कितना माल बेचा। वर्ष 2005 में लागू हुए वैट के कुछ मुद्दों पर व्यापारियों को पेश होने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की गई।