जम्मू-कश्मीर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने केंद्र सरकार पर लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों को छीनने का आरोप लगाया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में जल्द विधानसभा चुनाव कराने और पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की है।
जेकेपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने लोगों को सार्वजनिक सभा में उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया और उन्हें आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता के अनुसार उनकी सेवा करना जारी रखेगी।
उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी, विकास की कमी के लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर निशाना साधा और कहा कि जम्मू-कश्मीर भाजपा की कपटपूर्ण नीतियों का शिकार है। विकास के बड़े-बड़े दावे करने से हर मामले में केंद्र सरकार की नाकामी नहीं छिप जाएगी।
भल्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को कई स्तरों पर कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन पार्टी इस तरह के मंसूबों को नाकाम करने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि पहले भी कांग्रेस के खिलाफ साजिशें होती रही हैं, लेकिन पार्टी (कांग्रेस) चुनौतियों से पार पाने में सफल रही है।
भल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव होने चाहिएं, क्योंकि लोगों की शिकायतों को समाप्त करने का यही एकमात्र व्यवहार्य समाधान है। इनके अलावा कांग्रेस नेता अमानुल्लाह मट्टू, सज्जाद अहमद और अन्य ने भी सभा को संबोधित किया।