क्या यह मुमकिन है कि छह साल में किसी की उम्र मात्र तीन या चार साल ही बढ़े। यह करिश्मा रियासत के दो मंत्रियों ने कर दिखाया है। नेकां-कांग्रेस गठबंधन सरकार के दो मंत्रियों जोरा और लोन के साथ ऐसा ही हुआ है।
प्रथम चरण के चुनाव में लेह से पर्चा दाखिल करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी तथा रियासत के स्थानीय निकाय मंत्री नवांग रिगजिन जोरा 2008 में चुनाव के वक्त 53 साल के थे और अब 56 साल के हुए हैं।
इसी तरह रियासत के उच्च शिक्षा मंत्री तथा सोनावारी से नेकां प्रत्याशी मो. अकबर लोन 63 से 67 साल के हुए हैं। दोनों प्रत्याशियों की ओर से दाखिल शपथ पत्र में उनकी वर्तमान उम्र का जिक्र है।
मंत्री लोन और जोरा की धीमी गति से बढ़ी उम्र
लोन ने 2008 में 29 अक्टूबर को नामांकन किया था। उस समय उन्होंने अपनी उम्र 63 साल बताई थी। इस चुनाव में तीन नवंबर को दाखिल शपथ पत्र में उन्होंने अपने को 67 साल का बताया है।
साल 1972 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से एलएलबी की शिक्षा ग्रहण करने वाले लोन करोड़पति हैं। उनके पास 5.70 करोड़ रुपये की जमीन तथा 1.80 करोड़ रुपये के भवन हैं। उनके पास 40 हजार रुपये नकदी है जबकि बैंक में 7.50 लाख रुपये जमा हैं।
पत्नी के पास पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात हैं। जोरा पिछले चुनाव में नामांकन के वक्त 29 अक्टूबर 2008 को 53 साल के थे। इसका जिक्र उन्होंने अपने शपथपत्र में किया था।
दो मंत्री व लेह के भाजपा प्रत्याशी हैं करोड़पति
इस चुनाव में तीन नवंबर को पर्चा दाखिला के वक्त उन्होंने जो शपथपत्र दाखिल किया है उसके अनुसार उनकी उम्र 56 साल है। छह साल में उनकी उम्र मात्र तीन साल ही बढ़ी है। जोरा भी करोड़पति हैं।
कैश 70 हजार और बैंक में 1.54 लाख रुपये हैं, लेकिन अथाह चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास 2.69 करोड़ और पत्नी के पास 1.02 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इनोवा तथा मारुति कार है। पत्नी के पास तीन लाख रुपये के जेवरात हैं।
लेह से भाजपा प्रत्याशी चेरिंग दोरजे भी करोड़पति हैं। 3.20 लाख रुपये कैश और बैंक में 12 लाख रुपये जमा है। जेवरात के शौकीन दोरजे के पास 2.52 लाख रुपये के जेवरात हैं। 1.55 करोड़ रुपये की कृषि योग्य जमीन तथा 70 लाख की गैर कृषि भूमि है। दोरजे के पास टोयटा गाड़ी है।