कठुआ/बिलावर। जम्मू कश्मीर पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। शुक्रवार को बिलावर के भड्डू गांव के एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। बिलावर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विशाल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध शराब का कारोबार करने वाले भड्डू गांव के नरसिंह दास को 50 देसी शराब के क्वार्टर के साथ गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि व्यक्ति पिछले कई दिनों से इलाके मेंअवैध शराब का कारोबार कर रहा था। शुक्रवार को उसे मौके पर ही शराब की खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, आबकारी विभाग की टीम ने कठुआ शहर के घाटी, अपर सक्तेचक और बरनोटी के इलाकों में दबिश देकर 30 लीटर अवैध शराब और 1450 किलो लाहन की। कठुआ आबकारी रेंज की टीम ने आयुक्त राजेश कुमार शवन के निर्देश पर इस कार्रवाई को सुनिश्चित किया है। ईटीओ नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम में इंस्पेक्टर अनिल कुमार शर्मा, सब इंस्पेक्टर कुलभूषण मन्हास और अन्य सदस्य भी शामिल रहे।