रियासी। अरनास में निजी कैपकान कंस्ट्रक्शन कंपनी के जनरल मैनेजर को धमकाने और पैसे मांगने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार आरोपी फरार हैं। कंपनी के जनरल मैनेजर अमरजीत सिंह के पास 29 सितंबर देर रात कुछ लोग हथियारों सहित पहुंचे और डरा धमका कर डेढ़ लाख रुपये की मांग की। इसके साथ ही दुर्व्यवहार भी किया गया।
30 सितंबर को सुबह जनरल मैनेजर ने पुलिस स्टेशन अरनास में शिकायत दी। एसडीपीओं डॉ. सतीश भारद्वारा व एसएचओ राजेश गौतम ने कंपनी कार्यालय में जा कर सभी नौ आरोपियों की पहचान कर रियाज अहमद निवासी टड्डू, आर्यन शर्मा निवासी अरनास, सोनू, कुलदीप कुमार और संजय कुमार सभी निवासी नरलू को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, वारदात के मास्टर माइंड दिनेश कुमार निवासी चंकाह, विजय और अजय दोनों निवासी हंदर व राजू निवासी रियासी फरार हैं, जिन्हें पकड़के के प्रयास जारी हैं। इस दौरान आरोपियों के पास से एक एयर गन और दो टोके भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ अंडर सेक्शन 385, 458, 147 और 148 आइपीसी आर्म्स एक्ट के तहत केस को दर्ज किया गया है। कार्रवाई को एसएसपी रशिम वजीर और एएसपी सुरजीत कुमार भगत के दिशानिर्देश पर अंजाम दिया गया है।