बिश्नाह। कुछ दिनों से बिश्नाह में हो रही गाड़ियों की बैटरियों की चोरी की वारदातों में शामिल तीन चोरों को पुलिस ने पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। एसडीपीओ शब्बीर खान की देखरेख में चलाए गए अभियान के तहत यह कामयाबी हासिल की गई है। तीनों चोरों के कब्ज़े से चोरी की गई गाड़ियों की 11 बैटरियां बरामद की गई।
इस बारे में पुलिस ने बताया कि बिश्नाह क्षेत्र के अपर कन्हा निवासी निखिल शर्मा पुत्र द्वारका नाथ ने थाने में मेटाडोर से बैटरियों के चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर करवाई करते हुए एसडीपीओ शब्बीर खान ने एक टीम का गठन किया जिसकी अगुवाई थाना प्रभारी जोगिंदर सिंह ने की। इस दौरान तीन लोगों को शक के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तीनों ने बैटरियां चोरी करने का गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस तीनों के कब्ज़े से चोरी की 11 बैटरियां बरामद की। चोरों की पहचान परमवीर सिंह निवासी सैनिक कॉलोनी, मोनू शर्मा निवासी नानक नगर व सुनील कुमार निवासी मॉडल टाउन गंग्याल के रूप में हुई है। बिश्नाह थाने में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।