श्रीनगर। श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र पांदछ में आतंकी हमले में शहीद हुए बीएसएफ के दो जवानों के मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की तफतीश के दौरान पुलिस स्टेशन सोवरा की एक टीम ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पर्चा दर्ज किया। उन्होंने बताया कि युवक की शिनाख्त पांदछ के वसीम अहमद उर्फ मास के तौर पर बताई जा रही है, जिसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है।
बता दें, 20 मई को आतंकियों के एक हमले में बीएसएफ के दो जवान शहीद हो गए थे। आतंकी उनकी सर्विस राइफल लेकर फरार हो गए थे।
कुपवाड़ा में तलाशी अभियान, दो यूबीजीएल बरामद
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने दो यूबीजीएल (अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर) बरामद किए हैं। दरअसल सुरक्षाबलों को जूनरेशी गांव के चौपान मोहल्ला में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इस पर सेना की 14 सिख लाई और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने इलाके में एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।