जम्मू। एमईएस में फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी इस तरह के फ्रॉड पहले भी कर चुका है। अरनिया के अला गांव के रहने वाले सरूप लाल को क्राइम ब्रांच ने मंगलवार पंजाब के पठानकोट इलाके से पकड़ा। वह यहां पर किराये पर रह रहा था। वह युवाओं से लाखों रुपये ठग चुका है। फिलहाल मौजूदा केस 12 लाख रुपये की ठगी का है।
सरूप लाल ने श्रीनगर एमईएस मुख्यालय में नौकरी दिलाने के नाम युवाओं को ठगा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी थी, लेकिन वह कई बार बार अपनी लोकेशन बदलकर बचता रहा। वह पंजाब, चंडीगढ़ में भी घूमता रहा, लेकिन क्राइम ब्रांच की टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर इसे पठानकोट से दबोच लिया। तब वह अपनी कार से पंजाब की तरफ जा रहा था।
बता दें कि एसएसपी जम्मू के पास से कठुआ के रहने वाले मखन सिंह, रामनगर के रहने वाले रंजीत सिंह, रामनगर के रहने वाले सुनील सिंह, उधमपुर के रहने वाले प्रदीप कुमार ने शिकायत दर्ज कराई। बताया कि किस तरह से उनको ठगा गया है। एसएसपी जम्मू ने यह मामला क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर किया था। शिकायत मिलने के बाद जब जांच शुरू हुई तो क्राइम ब्रांच ने जम्मू के भगवती नगर के रहने वाले पवन कुमार को दबोचा। उससे पूछताछ करने पर उसने अपने साथ सरूप लाल का पता भी बताया। वह कई दिनों से फरार था। जिसे आखिरकार दबोच लिया है। सरूप लाल पर इसी तरह की छह और एफआईआर दर्ज हैं। वह फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करके पैसे ठग लेता था।