जम्मू। एयरपोर्ट के पास पुलिस ने एक कार सवार दो युवकों से चाइनीज पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है। आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला भी किया और उनके साथ बदसलूकी भी की। इसे लेकर केस दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार सब इंस्पेक्टर दर्शन सिंह पुलिस टीम के साथ एयरपोर्ट के पास गश्त कर रहे थे। तभी उन्होंने अंधेरे में सड़क के पास खड़े जेके02सीई 5360 कार देखी। इसमें दो युवक बैठे हुए थे। जब इनसे पूछताछ की गई तो पुलिस कर्मियों के साथ बदसलूकी करने लगे।
यहां तक पुलिस कांस्टेबलों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। लेकिन पुलिस टीम ने उक्त दोनों युवकों को पकड़ लिया। इनकी तलाशी लेने पर चाइनीज पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक घात लगाकर बैठे हुए थे। क्योंकि इन लोगों ने किसी वारदात को अंजाम देना था। आरोपियों में नानक नगर के रहने वाले रंदीप सिंह और लवजोत सिंह शामिल हैं।
एसएचओ दीपक जसरोटिया का कहना है कि आरोपियों की तस्वीरें कई पुलिस स्टेशनों में दी गई हैं। साथ ही इनके बारे में तमाम जानकारियां सांझा की गई हैं। ताकि देखा जाए कि इनका आपराधिक रिकार्ड है या नहीं। पुलिस ने कार को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।