संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। अरनिया अस्पताल में 108 नंबर एंबुलेंस को लेकर हंगामा हुआ है। इसके चलते डॉक्टर और तीमारदारों के बीच जमकर नोकझोंक हुई है। जानकारी के अनुसार प्रवासी बिट्टू कुमार निवासी अरनिया को मालिक द्वारा बाजू चोटिल होने पर अरनिया अस्पताल पहुंचाया गया।
चेकअप के दौरान डॉक्टर ने मरीज की कलाई की हड्डी टूटने की बात कही है और जीएमसी रैफर कर दिया है। अस्पताल में तैनात 108 नंबर एंबुलेंस को फोन डायल कर मरीज को ले जाने के लिए कहा जाता है। इस पर 108 नंबर एंबुलेंस की तरफ से मामूली चोट होने का हवाला देकर मरीज को ले जाने से मना कर दिया जिसके बाद मरीज के तीमारदारों ने हंगामा शुरू कर दिया।
तीमारदारों ने विधायक राजीव भगत को फोन किया। विधायक ने अस्पताल में ड्यूटी पर कार्यरत डाॅ. प्रेम लाल को फटकार लगाई। इसके बाद जोनल स्वास्थ्य अधिकारी अरनिया डॉ. रोहित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने 108 नंबर एंबुलेंस पर कॉल की। इसमें मरीज के बाजू की हड्डी टूटने के बारे में बताया। इसके बाद एम्बुलेंस मरीज को लेकर जीएमसी के लिए रवाना हुई। तकरीबन एक घंटे तक मरीज दर्द से कराहता रहा।
कोट
मरीज की बाजू की हड्डी टूट गई है। इसके चलते उसे जीएमसी रैफर किया गया है। 108 नंबर एंबुलेंस को कॉल के जरिए सूचना दी गई। मगर उन्होंने मामूली चोट का हवाला देकर मरीज को ले जाने से मना कर दिया। डॉक्टर रोहित कुमार के हस्तक्षेप के बाद मरीज को एंबुलेंस से जम्मू ले जाया गया है।
- डॉ. प्रेम लाल, अरनिया अस्पताल