घर का इकलौता सहारा था मृतक सौरभ कुमार
अरनिया। सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव पंजगराई में डिफेंस की डिच में डूबने से 26 वर्षीय सौरभ कुमार की मौत हो गई। बेटे को बचाने की कोशिश में पिता बलवंत राज भी डिच में उतरे लेकिन पानी की गहराई के कारण वह उसे बचा नहीं पाए। गनीमत रही कि पिता किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार सौरभ अपने पिता के साथ सीमावर्ती गांव तरेबा में मजदूरी करने गया था। काम खत्म होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। तेज धूप से बचने के लिए वे डिफेंस की डिच के पास बने मोर्चे पर आराम करने लगे। इसी दौरान सौरभ सीमेंट की दीवार पार करने की कोशिश करने लगा और फिसलकर डिच में गिर पड़ा।
पानी गहरा होने के कारण सौरभ डूबने लगा और उसने पिता को मदद के लिए पुकारा। पिता तुरंत डिच में कूद गए लेकिन सौरभ पानी में समा गया। अपनी जान पर खतरा देखते हुए पिता किसी तरह बाहर निकल आए और ग्रामीणों को सूचना दी। स्थानीय युवकों ने मशक्कत के बाद सौरभ को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आरएस पुरा अस्पताल भेजा और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
सौरभ की मौत से परिवार में छाया मातम
सौरभ अपने घर का इकलौता सहारा था। पिता बलवंत राज ने बताया कि बेटा रोजी-रोटी के लिए मजदूरी करता था और घर की जिम्मेदारी संभालने लगा था। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे की शादी की सोच रहे थे लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। मेरी आंखों के सामने मेरा बेटा डूब गया और मैं उसे बचा नहीं पाया। यह मलाल जिंदगीभर रहेगा।
कोट
बारिश से डिफेंस डिच पानी से भर गई है और यह दलदल में बदल चुकी है। इसके चलते वहां डूबने की घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। अतीत में भी इस जगह एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। सुनसान इलाका होने और समय पर मदद न मिलने से सौरभ की जान नहीं बच पाई।
- तिलक राज, सरपंच पंचायत तलहाड़