अरनिया कृषि अधिकारी को शिकायत दर्ज करवाते किसान स्रोत किसान
अरनिया। खाद विक्रेता किसानों को डीएपी खाद के साथ नैनो डीएपी की बाेतल जबरन दे रहे हैं। किसानों ने निदेशक कृषि विभाग को इसके खिलाफ लिखित में शिकायत दी है।
शिकायत में किसानों ने साफ तौर पर खाद विक्रेताओं पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। समस्या का समाधान तत्काल न होने पर किसानों ने कृषि विभाग को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
क्षेत्र में गेहूं की बिजाई शुरू हो गई है। गेहूं की बिजाई के लिए किसानों ने डीएपी खाद खरीदना शुरू कर दिया है। खाद विक्रेताओं किसानों को डीएपी खाद के एक बैग के साथ एक नैनो डीएपी की बोतल जबरदस्ती दे रहे हैं। इसका क्षेत्र के किसान विरोध कर रहे हैं। विरोध के बावजूद भी खाद विक्रेता मानने को तैयार नहीं हैं।
खाद विक्रेता बिना नैनो डीएपी बोतल के किसानों को खाद नहीं दे रहे हैं। खाद विक्रेताओं की मनमानी को देखते हुए अरनिया के किसानों ने निदेशक कृषि विभाग को लिखित में शिकायत दर्ज की है। इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि खाद विक्रेता जबरदस्ती किसानों को नैनो डीएपी की बोतल दे रहे हैं।
नैनो डीएपी बोतल लेने से मनाही करने पर खाद नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ जबरदस्ती की जा रही है। किसानों ने बताया कि डीएपी खाद के एक बैग का मूल्य 1350 रुपए है। वहीं दूसरी और नैनो डीएपी बोतल का मूल्य 600 रुपये है।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के किसान 1950 रुपए खर्च करने में सक्षम नहीं है। लिहाजा खाद विक्रेताओं की मनमानी पर अंकुश लगाया जाए।