‘कश्मीर के रक्षक’ ब्रिगेडियर राजिंदर सिंह के बलिदान दिवस पर विशेष तौर पर पहुंचे वेस्टर्न कमांड के जीओसी इन सी लेफ्टिनेंट जनरल केजे सिंह कुछ ज्यादा भावुक हो गए।
रियासत के महान सपूत की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि अमर शहीद की छाया में खड़ा होने से ही वह खुद को बड़ा महसूस कर रहे हैं।
अपनी ही सेना में बगावत होने के बावजूद उन्होंने जिस तरह कश्मीर की रक्षा करते हुए अपना बलिदान दे दिया, वह महान है। जीओसी ने कहा, ‘वह धरती बांझ हो जाएगी, जहां वीर न पूजे जाएंगे।’
जनरल सिंह सोमवार को जेएंडके एक्स सर्विसमैन लीग की ओर से ब्रिगेडियर चौक पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि कठुआ-सांबा क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से जो सीजफायर का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है, वह भविष्य में भी होता रहेगा।
सीमांत इलाकों में रहने वाले नागरिकों और पूर्व सैनिकों का फर्ज बनता है कि वह अपने क्षेत्र में सतर्क रहें। ताकि कोई संदिग्ध किसी तरह की वारदात को अंजाम न दे सके।
उन्होंने कहा कि दीनानगर और अरनियां में नागरिकों की सतर्कता से ही कुछ आतंकी वारदातों को रोका जा सका है। ऐसे जागरूक नागरिकों को सेना हरसंभव सम्मानित करेगी।
ऐसे जागरूक हिंदुस्तानियों को सेना में नौकरी देने का प्रावधान भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू के शदीद स्तंभ में रोजाना होने वाले लाइट एंड साउंड शो में ब्रिगेडियर राजिंदर सिंह का वृत्तचित्र भी दिखाया जाएगा, ताकि वहां आने वाले बच्चे उनकी जीवन गाथा से प्रेरणा ले सकें।
समारोह में एक्स सर्विसमैन लीग के प्रेसीडेंट मेजर जनरल गोवर्धन सिंह (रिटायर्ड) ने जीओसी इन सी के समक्ष सैनिकों की कुछ मांगें भी रखीं, जिसे हल करने का उन्होंने आश्वासन भी दिया।
इस मौके पर लेफ्टिनेंट जनरल राजीव तिवारी (जीओसी नौ कोर), लेफ्टिनेंट जनरल आरआर निंभोरकर (जीओसी 16 कोर), मेजर जनरल कुलप्रीत सिंह (जीओसी 10 इंफेट्री डिवीजन), मेजर जनरल संजीव नारायण (जीओसी 26 इंफेट्री डिवीजन), डीआईजी अशरूक वानी, डोगरा सदर सभा के प्रेसीडेंट गुलचैन सिंह चाढ़क, लीग के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट ब्रिगेडियर एसएस संब्याल, राज्य सैनिक बोर्ड के डायरेक्टर ब्रिगेडियर हरचरण सिंह, शहीद राजिंदर सिंह की दोनों बेटियां उवर्षि और ऊषा भी उपस्थित थीं।
समारोह में फौजी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। सूचना विभाग और कला अकादमी के कलाकारों ने गीत पेश किए।