रियासी। रामबन से गूल जा रही दवाइयों से भरी एंबुलेंस के पलटने से चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। सैन्य जवानों ने मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव अभियान चला कर चालक को वाहन से बाहर निकाल लिया। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। उसकी पहचान रियाज अहमद पुत्र अब्दुलाह अहमद त्रागवाल निवासी जवाहर नगर, जामन गूल के रूप में हुई है। साथ ही जवानों ने स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से वाहन को भी बाहर निकाला है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह आठ बजे के करीब रामबन से गूल कोविड-19 की दवाइयां लेकर कर जा रही एंबुलेंस पार्थमुला इलाके में अनियंत्रित होकर सड़क से खाई की तरफ पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तैनात सैना के जवान मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल चालक को वाहन से निकाल कर सड़क पर पहुंचाया और इसके बाद स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
वहीं, क्रेेन और स्थानीय लोगों की मदद से दवाइयां से भरी एंबुलेंस को खाई से बाहर निकाला है। सनद रहे सीमाओं की रक्षा के साथ ही सेना लोगों की आपात स्थिति में मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है। सेना के प्रयास की लोगों ने सराहना की है।