जम्मू। कोविड-19 की वजह से 2020 में जिन युवाओं का सेना की वर्दी पहनने का सपना साकार नहीं हुआ। बहुत जल्द उनका यह सपना पूरा होगा। भारतीय सेना की ओर से जल्द ही सेना की भर्ती रैली होगी। यह भर्ती अप्रैल महीने में ही होनी थी, लेकिन कोरोना की वजह से नहीं हो सकी।
सेना की ओर से कहा गया है कि बहुत जल्द 2020 की भर्ती होगी। इसके लिए उम्मीदवार भारतीय सेना की अधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और समय-समय पर जानकारी लेते रहें। जम्मू संभाग में सेना की ओर से जम्मू, सांबा, कठुआ, रामबन, डोडा, किश्तवाड़, रियासी, उधमपुर, राजोरी और पुंछ में रैली आयोजित की जाती है। पिछले तीन सालों में सेना की ओर से 2017 में अखनूर में भर्ती रैली आयोजित की गई। 2018 में उधमपुर और 2019 में सांबा में आयोजन हुआ। 2020 में राजोरी में भर्ती होनी थी। इसका आयोजन 20 से 29 अप्रैल होना था और पंजीकरण 6 अप्रैल तक। लेकिन कोविड 19 की वजह से पंजीकरण की अवधि 21 अप्रैल तक की गई। लेकिन लॉकडाउन होने की वजह से भर्ती को स्थगित कर दिया गया। सेना का कहना है कि युवा उम्मीदवाद तैयारी करें। किसी भी ऐसे शख्स के झांसे में न आएं। जो पैसे मांग कर सेना में भर्ती कराने को कहे, क्योंकि ऐसा नहीं होता है। मान्य और योग्य उम्मीदवार ही भर्ती में शामिल किया जाएगा।