सोपोर के रफियाबाद इलाके में वीरवार को दुर्घटनावश गोली चलने से सेना के जवान चंद्रमोहन (29) निवासी भिवानी की मौत हो गई। सैन्य सूत्रों के अनुसार, चंद्रमोहन साथी जवानों के साथ पेट्रोलिंग के लिए गाड़ी में जा रहा था कि जहां अचानक उसकी राइफल से गोली चल गई, जो सीधा उसके माथे में लगी।
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर के रफियाबाद इलाके में वीरवार को दुर्घटनावश गोली चलने से सेना के एक जवान की मौत हो गई। उसकी पहचान हरियाणा के भिवानी निवासी चंद्रमोहन (29) को रूप में हुई है।
विज्ञापन
सैन्य सूत्रों के अनुसार, चंद्रमोहन साथी जवानों के साथ पेट्रोलिंग के लिए गाड़ी में जा रहा था कि जहां अचानक उसकी राइफल से गोली चल गई, जो सीधा उसके माथे में लगी। चंद्रमोहन खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
उसे तत्काल नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव सेना को सौंप दिया गया। शव उसके पैतृक गांव झांवरी भेजा जाएगा।
विज्ञापन
हादसे के बारे में परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उधर सैन्यकर्मी के गांव झांवरी में सूचना पहुंचते ही वहां मातम छा गया। वहां के रहने वाले जितेंद्र ने बताया कि चंद्रमोहन के परिवार में दो भाई और एक बहन है। चंद्रमोहन वर्ष 2015 में सेना में टेक्निकल पोस्ट पर भर्ती हुआ था।
महज 20 दिन के कर्ण के सिर से उठा पिता का साया
जितेंद्र ने बताया कि चंद्रमोहन को करीब 20 दिन पहले बेटा हुआ था। अचानक हुए इस हादसे से महज 20 दिन के कर्ण और तीन वर्षीय बेटी पलक के सिर से पिता का साया उठ गया। चंद्रमोहन की पत्नी प्रगति, पिता जयसिंह, मां, भाई जितेंद्र सहित पूरा परिवार ही सदमे में है।
जितेंद्र ने बताया कि चार नवंबर को चंद्रमोहन छुट्टी लेकर घर आना था, जिसकी टिकट भी बन चुकी थी। अचानक से हुई घटना के कारण पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया।