जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में एलओसी के पास एक पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सीमा में घुस आया सेना ने फायरिंग की, जिसके बाद वह पीओके की ओर लौट गया।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सोमवार देर रात एक पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सीमा में घुस आया। ड्रोन के भारतीय चौकियों के ऊपर मंडराने के बाद सेना के जवानों ने उस पर फायरिंग की, जिसके बाद वह वापस पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) की ओर लौट गया।
विज्ञापन
अधिकारियों के अनुसार ड्रोन को बालाकोट क्षेत्र में अग्रिम भारतीय चौकियों के ऊपर देखा गया था। सेना के जवानों ने उसे निशाना बनाते हुए करीब नौ राउंड फायर किए लेकिन ड्रोन काफी ऊंचाई पर उड़ रहा था इसलिए उसे मार गिराया नहीं जा सका।
घटना के बाद मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। आशंका जताई जा रही थी कि ड्रोन ने किसी प्रकार की एयरड्रॉपिंग की हो सकती है। हालांकि कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान जमीन पर कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।