सेना की उत्तरी कमान में उच्चस्तर पर सैन्य अधिकारियों के स्थानांतरण और नियुक्तियों को लेकर रक्षा मंत्रालय द्वारा अपनी सहमति जताई गई है। यह सब प्रक्त्रिस्या अगले एक महीने के भीतर पूरी हो जाएगी। सैन्य सूत्रों के मुताबिक जम्मू कश्मीर में स्थित सेना की 14वीं, 15वीं और 16वीं कोर के मौजूदा कोर कमांडरों का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है जिसके मद्देनजर रक्षा मंत्रालय ने इनके तबादलों पर सहमति जताते हुए उनकी जगह नए कमांडरों का चयन भी कर लिया है।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर में स्थित सेना की 15वीं कोर के वर्तमान कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रता साहा की जगह लेफ्टिनेंट जनरल एसके दुआ को कमान सौंपी जाएगी और जम्मू के नगरोटा में स्थित 16वीं कोर के वर्तमान कोर कमांडर केएच सिंह की जगह लेफ्टिनेंट जनरल आरआर निंबोरकर को लाया जाएगा। वहीं लद्दाख में स्थित सेना की 14वीं कोर (फायर एंड फयूरी कोर) के कोर कमांडर के तौर पर लेफ्टिनेंट जनरल एसके पटयाल का नाम लिया जा रहा है। वर्तमान में 14वीं कोर के कमांडर बीएस नेगी हैं।