जवानों को श्रद्धांजलि देते सेना प्रमुख
- फोटो : Amar Ujala
सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने आतंक रोधी अभियानों के दौरान पत्थरबाजों से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को संयुक्त प्लान के तहत काम करने के निर्देश दिए हैं।
शोपियां आतंकी हमले में शहीद हुए तीन जवानाें को श्रद्धांजलि देने घाटी पहुंचे जनरल रावत ने आतंक रोधी यूनिट किलो फोर्स और विक्टर फोर्स के मुख्यालय में कहा, आतंकियों के खिलाफ अभियान में पत्थरबाजी की घटनाएं अड़चनें पैदा कर रहीं हैं।
इस चुनौती से निपटने के लिए सुरक्षा बलाें को आपसी समन्वय स्थापित करना होगा। उन्होंने कहा, सुरक्षा एवं निगरानी तंत्र को और मजबूत करने की जरूरत है। सुरक्षा एजेंसियाें संयुक्त प्लान के जरिए ही ऐसे हालात से निपट सकती हैं।
शुक्रवार को जनरल रावत समेत उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल डी अनबू, चिनार कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल जेएस संधू व अन्य अफसरों ने तिरंगे में लिपटे शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री महबूबा की जगह ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अब्दुल हक खान और कृषि मंत्री गुलाम नबी लोन शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। श्रद्धांजलि के बाद शहीदों के शव उनके पैतृक आवास के लिए भेज दिए गए।