सेना और पुलिस बरामद हथियारों के साथ
- फोटो : अमर उजाला
सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठुआ जिला के बिलावर के डाबी इलाके से हथियारों का जखीरा बरामद किया है। इनमें दो एक-47 राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद हैं। हथियारों का जखीरा बरामद कर सेना-पुलिस ने बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। बताया गया है कि आतंकी जम्मू संभाग में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसके लिए यह हथियारों का जखीरा छिपाकर रखा गया था। हथियारों का जखीरा एक पालीथिन बैग में छिपाकर रखा गया था।
पुख्ता सूचना के आधार पर सेना की सांबा ब्रिगेड और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को तड़के दियालाचक छलां सड़क पर डाबी गांव से सटे जंगल में हथियार बरामद किए। सेना की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बरामद हथियारों में दो एके-47 राइफल, एक हैंड ग्रेनेड, एके राइफल के 256 कारतूस, स्नाइपर के 59 कारतूस और चार मैगजीन शामिल हैं। तलाशी अभियान के बाद बरामद हथियारों और गोला-बारूद को सेना की टीम अपने साथ ले गई। जिस जगह से हथियार बरामद हुए हैं, वह इलाका बिलावर उपजिले में पुलिस पोस्ट रामकोट के अधीन आता है।