जेके स्पोर्ट्स काउंसिल की ओर से संचालित खैबर सीमेंट्स कश्मीर सुपर लीग के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में वीरवार शाम को आर्को यूनाइटेड एफसी और एक्वा कश्मीर एवेंजर्स एफसी के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार, मैच निर्धारित समय में गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ और पेनल्टी शूटआउट द्वारा निर्णय लिया गया, जिसमें एक्वा कश्मीर एवेंजर्स एफसी ने 4-1 से जीत हासिल कर फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की की।
दोनों टीमों ने अदम्य साहस, सामरिक अनुशासन और मज़बूत रक्षात्मक रणनीति का प्रदर्शन किया और कई करीबी मौकों के बावजूद मैच को बराबरी पर रखा। पेनल्टी शूटआउट के दौरान तनाव चरम पर था, जिसने खचाखच भरे स्टेडियम को मंत्रमुग्ध कर दिया और अंत में एक्वा कश्मीर एवेंजर्स एफसी ने जीत हासिल की। एक्वा कश्मीर एवेंजर्स एफसी फाइनल में यूनाइटेड एलिगेंट एफसी से भिड़ेगी।
इस मैच के दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मुख्य अतिथि थे। उन्होंने सेकंड हाफ का खेल शुरू कराया। अपने संबोधन में, उन्होंने इस पेशेवर रूप से प्रबंधित लीग के आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की और उत्साही दर्शकों की भारी उपस्थिति के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
मैच के बाद सलमान लतीफ़ को गेम चेंजर अवार्ड, बुरहान सरवर को प्लेयर ऑफ़ द मैच, जहांगीर शागू को गोल्डन मोमेंट पुरस्कार, शोएब हनीफ़ को इवेंट्स एम्पोरियो एक्स फैक्टर एक्सीलेंस पुरस्कार, अदनान अयूब को किंग्स प्लेयर ऑफ़ द मैच पुरस्कार दिया गया।
पुरस्कार समारोह में जेके स्पोर्ट्स काउंसिल की सचिव नुज़हत गुल, मुख्य खेल अधिकारी अनीसा नबी, जाविद अहमद, मोहम्मद मकबूल लोन उपस्थित थे।
खेलों में जोश अद्भुत : उपराज्यपाल
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मैच में उपस्थिति के बाद एक्स पर ट्वीट कर कहा कि पिछले कुछ समय में खेलों में युवाओं का अद्भुत जोश देख रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल और कश्मीर सुपर लीग के प्रायोजकों को बधाई देना चाहता हूं। पिछले कुछ दिनों में जो उत्साह और जोश देखा गया, वह वाकई अद्भुत रहा है। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने वाले सभी उत्साही प्रशंसकों और दर्शकों का बहुत-बहुत धन्यवाद।