देश में खुबानी का सबसे ज्यादा उत्पादन लद्दाख में, देश-विदेश तक मांग
कारगिल में 11 हजार, लेह में 5 हजार टन खुबानी का होता है उत्पादन
प्रवेश कुमारी
जम्मू। लद्दाख में तीन दिन की बेमौसमी बर्फबारी ने खुबानी की फसल को नष्ट कर दिया है। देश में खुबानी का सबसे ज्यादा उत्पादन लद्दाख में ही होता है। यहां कुल उत्पादन का 62 फीसदी खुबानी पैदा होती है। ऐसे में यहां से होने वाले निर्यात पर सीधा असर पड़ेगा। कारगिल जिले के 99 गांवों में नुकसान का स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) ने सर्वे कराया है। करीब डेढ़ करोड़ के नुकसान का अनुमान है।
विदेश की बात करें तो दुबई, सिंगापुर, मॉरीशस, वियतनाम तक में लद्दाख से खुबानी का निर्यात किया जाता है। इस बार फसल के और बेहतर होने की उम्मीद की जा रही थी, तभी 18 अप्रैल को अचानक मौसम बदल गया। बर्फ पड़ने लगी। 21 अप्रैल तक हुई इस बेमौसमी बर्फबारी ने खुबानी के पौधे पर खूब कहर बरपाया। इसकी वजह से 4 मई को कारगिल के टार गांव में प्रस्तावित एप्रिकोट फेस्टिवल तक रद्द करना पड़ा।
ये गांव हुए सबसे ज्यादा प्रभावित :
-
गांव-नष्ट हुई पौध
करकित्चु 4558
शिलिक्चे 3767
संजक 2861
पोयन 1559
लंकाेर 1519
हरदासथंग 1330
अधिकारी बोले...
खुबानी की फसल नष्ट होने से लद्दाख से होने वाले एक्सपोर्ट पर निश्चित रूप से फर्क पड़ेगा। लेकिन यहां की खुबानी की क्वालिटी कहीं और नहीं मिलेगी।
- अली रजा, मुख्य बागवानी अधिकारी, कारगिल