बैठक में मौजूद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह व अन्य
- फोटो : Amar Ujala
भाजपा की राज्य कार्यकारिणी ने पत्थरबाजों, अलगाववादियों और उपद्रवियों पर निशाना साधा है। कार्यकारिणी के सियासी प्रस्ताव में सुरक्षा बलों के संयम की प्रशंसा की गई है साथ ही इस नरमी को कमजोरी नहीं समझने की नसीहत पत्थरबाजों को दी गई है।
प्रस्ताव में केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं में जम्मू कश्मीर को उदार मदद के लिए आभार प्रकट किया गया है। रियासत सरकार द्वारा उठाए जनहित के कदमों का स्वागत किया गया है। प्रस्ताव में कहा गया है कि कश्मीर के कुछ राजनीतिक दल निहित स्वार्थ के कारण अलगाववाद को बढ़ावा दे रहे हैं। यह राष्ट्रहित में नहीं है। ऐसे दलों की अलगाववाद समर्थक नीति की कड़े शब्दों में निंदा की गई है।
प्रस्ताव में राष्ट्रहित के लिए हर जरूरी कदम उठाने का संकल्प लिया गया है। सिविल सोसाइटी और बुद्धिजीवियों के अहम रोल को रेखांकित करते हुए कश्मीर में अमन बहाली के लिए उन्हें आगे आने को कहा गया है।