जम्मू यूनिवर्सिटी कैंपस सहित मान्यता प्राप्त कालेजों में पीजी और यूजी कोर्सों में दाखिले की आवेदन प्रक्रिया के लिए एक दिन बढ़ा दिया गया है। अब 19 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है। इस तारीख को रविवार है, इसके बावजूद विवि कैंपस खुला रहेगा। अभी तक 90 रुपये की लेट फीस के साथ 18 जुलाई तक आवेदन करने का समय था। शुक्रवार को विवि कैंपस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के चलते विवि कैंपस बंद था।
शनिवार को ईद उल फितर है, जिसके चलते विवि कैंपस में छुट्टी रहेगी। दो दिन विवि कैंपस बंद रहने के चलते विवि प्रशासन ने आवेदन के लिए रविवार तक समय रखा है। इस संदर्भ में जम्मू यूनिवर्सिटी के डीन एकेडिमक अफेयर्स की ओर से शुक्रवार को अधिसूचना जारी की गई। अधिसूचना के मुताबिक रविवार को विद्यार्थी पीजी और यूजी कोर्सों के लिए आवेदन कर सकते हैं। सभी विभाग खुले रहेंगे।
आवेदन के लिए समय अवधि बढ़ाये जाने से विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है। बाड़ी ब्राह्मणा की सोनिया डोगरा, गांधी नगर की आशिमा कपूर और परेड के गौरव शर्मा ने बताया कि कुछ कारणों से वह आवेदन भरने से चूक गए थे। विवि प्रशासन ने समय अवधि बढ़ाकर विद्यार्थियों के लिए आसानी कर दी है।