रियासी। किसान तहरीक के एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त उपायुक्त अब्दुल सत्तार से मिल कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिले के सभी क्षेत्रों में मवेशियों को लंपी से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान को घर घर चलाए जाने की अपील की।
किसान तहरीक के प्रधान सोहन लाल शर्मा की अध्यक्षता में अधिकारी से मिलने पहुंचे किसानों ने कहा कि विभाग उसी मवेशी को टीका लगाता है जिसमें लंपी के लक्षण नहीं पाए जाते हैं। जिले का काफी हिस्सा पहाड़ी व ग्रामीण क्षेत्रों में है, जहां के किसानों का मुख्य पेशा मवेशी पालना तथा खेतीबाड़ी करना है। उसी से उनका रोजगार व परिवार का पालन पोषण होता है। जिले के कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां पशु चिकित्सालय की सुविधा नहीं है। ग्रामीणों को आपने मवेशी लेकर कई किलोमीटर पैदल चलकर उपचार करवाना पड़ता है।
बताया कि बीमारी की चपेट में आने से मवेशी मर रहे हैं। पशु चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए जाने चाहिए कि वह कर्मचारी ग्रामीणों के घरों में भेजे और उनके मवेशी को टीका लगाए। ताकि, वे खतरनाक बीमारी की चपेट में आने से बच सकें। किसानों का प्रतिनिधिमंडल बाद में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से भी मिला और जिले में टीकाकरण अभियान को युद्घस्तर पर चलाने की अपील की।