दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में अगवा किए गए सभी युवाओं को रिहा करने के कुछ ही घंटे बाद सोमवार को देर शाम एक अन्य युवा का आतंकियों ने अपहरण कर लिया। इसकी शिनाख्त बटमुरन के परवेज वानी के रूप में हुई है। रिहा सभी युवा अपने घर सही सलामत पहुंच गए।
इस घटना में शामिल हिज्ब और जैश के आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जल्द ही इसमें शामिल आतंकियों को मार गिराया जाएगा। जिले में जैश को बड़े झटके लगे हैं जिसके चलते उनमें बौखलाहट है। यही कारण है वह ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी युवाओं को रिहा कर दिया गया है और वह अपने घर पहुंच गए हैं। घर पहुंचे युवा काफ ी खौफजदा हैं क्योंकि आतंकियों द्वारा उन्हें आखिरी वार्निंग देते हुए रिहा किया है। उन्हें अपनी हरकतों से बाज आने की चेतावनी दी गई है। सफानगरी वाली घटना के पीछे हिज्ब जबकि हरमेन वाली घटना को जैश ने अंजाम दिया है।
शोपियां जिले में गत वीरवार से आतंकियों द्वारा स्थानीय युवाओं को अगवा करने का सिलसिला शुरू किया गया था। करीब 11 युवाओं को मुखबिरी के शक में अगवा किया गया था। इनमें से दो को मौत के घाट उतार दिया गया।