रियासी। निर्माण सामग्री से मनमाने दाम वसूलने पर वीरवार को लोगों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने डीसी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर जिला खनन अधिकारी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रोष जताया है।
प्रदर्शन में शामिल अरनास और आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि अरनास में खनन ब्लॉक खुलने के बाद वहां लूटखसूट मची हुई है। विभाग की तरफ से वहां पर कोई मूल्य सूची नहीं लगाई है। ठेकेदार मनमर्जी से निर्माण सामग्री के दाम वसूल रहे हैं। इसका खामियाजा अरनास के पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगाें को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि समस्या के संबंध में पहले किए गए धरना-प्रदर्शन के दौरान जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन आजतक कोई कदम नहीं उठाया गया है। इस कारण वीरवार को फिर से प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इस मौके पर ब्लॉक रियासी के डीडीसी सदस्य जगजीवन लाल भी पहुंचे और कदम उठाने का आश्वासन दिया।