बिश्नाह। भाजपा कॉपरेटिव सेल के कनवीनर राकेश पंत ने सोमवार को बिश्नाह में सीडीपीओ राखी दत्ता से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पंजीकरण की मांग की। उन्होंने राखी दत्ता को श्रीमद्भागवत गीता की प्रति भेंट की।
इस दौरान पंत ने कहा कि कुछ केंद्रों पर निजी कारणों के चलते बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को पंजीकृत नहीं किया जाता। यहां जब भी वो पंजीकरण के लिए जाती हैं तो कोई अधिकारी मौजूद नहीं रहता। कई अफ़सर सरपंच और पंच भी आंगनबाड़ी केंद्रों को समय नहीं दे पाते, जिससे बच्चों और महिलाओं को समय पर सरकार द्वारा दिया जाने वाला पौष्टिक आहार उपलब्ध नहीं हो पाता है। पंत ने कहा के विभाग को ऐसे लोगों को गांव में बनाई कमेटियों में शामिल करना चाहिए। जो लोग समय दे पाएं अथवा समाजसेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हों। उन्होंने कहा कि कई मामलों में तो ये भी देखा गया है कि स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी पंजीकृत नहीं किया जाता और कोई भी सामान उपलब्ध नहीं कराया जाता। इससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ता है।
सीडीपीओ ने आश्वस्त किया और कहा कि आने वाले कार्यक्रमों में उनको भी शामिल किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों को किस तरह से सही ढंग से सामान वितरित करना चाहिए इसके लिए उनके भी सुझाव लिए जाएंगे। इस अवसर पर सतीश भारती, बिशन चौधरी, चंदन सिंह, दलजीत सिंह, मोहिंदर सैनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।