कल्चरल अकादमी जम्मू कश्मीर ने बेस्ट फिल्म प्रतियोगिता पुरस्कार 2014 की घोषणा की है। यह घोषणा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की मंजूरी से की गई। अकादमी के सचिव हरून राशिद ने बताया कि फिल्मों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से यह पुरस्कार 2010 में शुरू किए गए थे। पुरस्कारों हेतु फिल्मों के चयन के लिए विशेषज्ञों की एक कमेटी भी गठित की गई है। नान फिक्शन श्रेणी के लिये एनशिएंट आर्किटेक्चरल स्टाइल आफ कश्मीर को वर्ष 2014 की श्रेष्ठ फिल्म घोषित किया गया है।
इसी श्रेणी में लास्ट ड्रीम्स को दूसरा स्थान मिला। फिक्शन श्रेणी में ट्वंटी ईयर्स को श्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दिया गया, जबकि वेकअप दूसरे स्थान पर रही। इस श्रेणी में सूला माउंट को तीसरा स्थान मिला। टी वांगडुस और डी वाचिंक को फिल्म ट्वंटी ईयर्स के लिए श्रेष्ठ निदेशक के पुरस्कार हेतु चुना गया है। जहूर सद्दिकी और डेचन यंगडाल को श्रेष्ठ अभिनेताओं के पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
पुरस्कार में दोनों श्रेणियों के लिए तीस हजार रुपयों की नकद राशि शामिल है। दूसरे नंबर पर रहने वाली फिल्मों के लिए पच्चीस हजार और तीसरे नंबर पर आने वाली फिल्मों के लिए बीस हजार रुपयों की नकद राशि शामिल है। श्रेष्ठ अभिनेताओं को एक स्मृति चिह्न, एक शाल और बीस हजार रुपयों की नकद राशि दी जाएगी। पुरस्कार वितरण समारोह जल्द ही जम्मू में आयोजित होगा। इसके साथ ही तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी फिल्में प्रदर्शित होंगी।