इस वर्ष प्रकाशित की गई गाइड बुक का 15वां संस्करण तीर्थयात्रियों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण और आवश्यक सूचनात्मक मार्गदर्शिका के रूप में कार्य करेगा। इसमें यात्रियों के कल्याण और सुविधा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया, लखनपुर से लेकर पवित्र गुफा तक दोनों रूटों पर उपलब्ध मेडिकल फैसिलिटी, यात्रा के कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल और अनिवार्य अनुशासन नियम, ठहरने के विकल्प और बुनियादी सुविधाएं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए महत्वपूर्ण इमरजेंसी संपर्क नंबर दिए गए हैं।इस गाइड बुक को एस्पा फी प्राइवेट लिमिटेड के शिवांग सत्य गुप्ता द्वारा टूरिज्म फेडरेशन ऑफ जम्मू के लिए विशेष रूप से डिजाइन और प्रिंट किया गया है। इसे सभी अमरनाथ यात्रियों के कल्याण के लिए बिल्कुल मुफ्त वितरित किया जाएगा।
जम्मू तवी आरती का विस्तार और लंगर व्यवस्था
इस दौरान टूरिज्म फेडरेशन ऑफ जम्मू के चेयरमैन और विश्व हिंदू परिषद (जम्मू कश्मीर और लद्दाख) के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया की जम्मू तवी आरती की भारी सफलता से प्रेरित होकर, अब इस नियमित आरती का विस्तार क्षेत्र के अन्य पवित्र स्थलों पर भी कर दिया गया है। इसमें सुरिंसर नाग मंदिर, बाबा कैलाश देव स्थान, पुरमंडल, घगवाल, जटवाल और रघुनाथ मंदिर शामिल हैं। जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के समन्वय से 29 जून (ज्येष्ठ पूर्णिमा) से नियमित आरती की व्यवस्था को निरंतर जारी रखा जाएगा। पहले दिन सुबह के समय आयोजन स्थल पर विशेष पूजन किया जाएगा।
29 से शुरू होगी लंगर सेवाइस दौरान बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 29 जून से ही जम्मू स्थित करंट पंजीकरण काउंटर पर निरंतर लंगर सेवा भी शुरू कर दी जाएगी। टूरिज्म फेडरेशन ने इस साल यात्रा शुरू होने से पहले एक विशेष वीडियो डॉक्यूमेंट्री जारी करने की योजना बनाई है। यह डॉक्यूमेंट्री लखनपुर से लेकर पवित्र गुफा तक के दोनों मार्गों पर उपलब्ध कराई गई आधुनिक और अपग्रेड की गई सुविधाओं को प्रदर्शित करेगी। साथ ही इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा के नियमों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।