जम्मू-कश्मीर में शनिवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप से किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। इससे पहले लद्दाख में भी भूकंप आया था।
जानकारी के अनुसार, जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में शनिवार तड़के 4.0 तीव्रता का भूकंप आया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। भूकंप सुबह 2.53 बजे आया। आपदा प्रबंधन निदेशक आमिर अली ने कहा कि किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि भूकंप का केंद्र डोडा क्षेत्र में पृथ्वी की सतह से 10 किलोमीटर नीचे था।
इससे पहले, लद्दाख में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार कारगिल के 169 किलोमीटर उत्तर में भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार इसकी तीव्रता 4 दर्ज की गई।
इससे पहले, शुक्रवार को मिजोरम में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर चंपाई के समीप रिक्टर पैमाने पर 5.6 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र चंपाई से 58 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में था। भूकंप दोपहर तीन बजकर 42 मिनट पर सतह से 60 किलोमीटर की गहराई में आया। फिलहाल किसी तरह के जनमाल के नुकसान की खबर नहीं है।