दो जुलाई से अमरनाथ यात्रा 2015 को शुरू करने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गईं हैं। पहलगाम और बालटाल ट्रैक को क्लीयर करने के साथ यात्रियों की सहूलियत के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर दिए गए हैं। पहली बार आटोमेटिक वेदर स्टेशन (आईएमडी) से यात्रियों को मौसम की सटीक जानकारी मुहैया करवाई जाएगी। बेस कैंपों सहित अन्य जगह सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इस बीच, राज्यपाल एनएन वोहरा ने शनिवार को अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के साथ पवित्र गुफा कैंप का दौरा कर यात्रा प्रबंधों का जायजा लिया।
राज्यपाल ने बिजली-पानी, संचार संपर्क, जरूरी खाद्य पदार्थों, केरोसिन, एलपीजी, स्वास्थ्य, फायरवुड, माउंटेन रेस्क्यू टीम की जानकारी ली। कैंप निदेशक पवित्र गुफा कैंप ने बताया कि क्षेत्र में 216 अस्थायी शौचालय, तीस स्नान घर, 11 एसएएसबी हट, 500 टेंट, 80 दुकानें स्थापित की गईं हैं। बिजली, टेलीफोन और आटोमेटिक वैदर स्टेशन (आईएमडी) 29 जून से काम करना शुरू कर देंगे। राज्यपाल ने कैंप निदेशक सूरत सिंह, अतिरिक्त कैंप निदेशक नरेश कुमार, रविंद्र सिंह, सन्नी गुप्ता को कैंप क्षेत्र में साफ सफाई को दुरुस्त बनाने के निर्देश दिए।
जीएम (वर्क्स) आरके पंडिता को पवित्र गुफा में बर्फ की उचित निकासी के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। पहलगाम डेवलपमेंट अथारिटी 29 जून तक चंदनबाड़ी-पिस्सू टाप-शेषनाग-महागुनस टाप-पोषपत्री-पंजतरणी ट्रैक पर मरम्मत और निर्माण कार्यों को मुक्कमल बनाएगी। यात्रा ट्रैक पर मौसम खराब होने या अन्य आपात स्थिति में माउंटेन रेस्क्यू टीम और एवलांच रेस्क्यू टीम सक्रिय रहेंगी। चयनित स्थानों पर माउंटेन रेस्क्यू टीमों में राज्य पुलिस के 10 जवानों के अलावा सेना के डाग स्क्वायड और सीआरपीएफ की सेवाएं ली जाएंगी।
राज्यपाल ने 15 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा, जीओसी विक्टर फोर्स मेजर जनरल अरविंद दत्ता, सीआरपीएफ, बीएसएफ और जेएंडके पुलिस के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। बोर्ड के अतिरिक्त सीईओ जतिंद्र सिंह के अनुसार बालटाल और पहलगाम ट्रैक को लगभग क्लीयर करके यात्रा प्रबंधों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रा को निर्धारित समय पर शुरू किया जाएगा। अनंतनाग के जिला उपायुक्त बशीर अहमद ने बताया कि यात्रियों के लिए सभी उचित इंतजाम किए गए हैं।
यात्रा की सुरक्षा को अंतिम रूप
राष्ट्रीय राइफल सेक्टर हेडक्वार्टर, चंद्रकोट (रामबन) में डेल्टा फोर्स (सेना) ने कोआर्डिनेटिंग कान्फ्रेंस कर अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के तहत आपरेशन शिवा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इसमें राज्य पुलिस सहित अन्य सुरक्षा बलों की एजेंसियों में समन्वय मजबूत बनाकर काम करने पर जोर दिया गया। यात्रा के लिए सेना, सिविल पुलि, एसएसबी, आईआरपी और सीआरपीएफ की तैनाती होगी। बैठक में सुरक्षा, यात्री कानवाय प्रबंधन, स्वास्थ्य, इमरजेंसी शेल्टर, रिकवरी वाहन, प्राकृतिक आपदा से निपटने की तैयारियां की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।