जम्मू। अमरनाथ यात्रा के सुचारु संचालन को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जम्मू जोगिंदर सिंह ने शुक्रवार को भगवती नगर स्थित मुख्य यात्री बेस कैंप का दौरा किया। तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए किए गए प्रबंध और सुरक्षा तैयारी की समीक्षा की। एसएसपी ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और नागरिक प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समन्वय बैठक की।
संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले आवश्यक प्रबंधों को समय पर पूरा कर लिया जाए। सभी अधिकारी और जवान उच्च स्तरीय सतर्कता और समन्वय बनाए रखें। श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा और सहयोगी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम करें ताकि देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक माहौल मिल सके।
अलर्ट मोड पर रहेंगी क्विक रिस्पांस टीमें
एसएसपी ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में क्विक रिस्पांस टीमें अलर्ट मोड पर रहेंगी। बेस कैंप और आसपास सुरक्षा घेरे को मजबूत किया जाएगा। श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए। आधुनिक सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों के जरिये चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी।