रघुनाथ मंदिर परिसर में आतंकरोधी अभ्यास करते एनएसजी व एसओजी के जवान स्रोत पुलिस
- फोटो : samvad
- बंधक बचाव, आतंकी हमले और घायलों को सुरक्षित निकालने का किया अभ्यास
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने के लिए सोमवार को रघुनाथ मंदिर परिसर में संयुक्त आतंकवाद रोधी मॉक ड्रिल की गई। इसमें स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के जवानों ने अभ्यास में आतंकी हमले व आपात स्थिति में आपसी तालमेल को परखा।
मॉक ड्रिल के दौरान आतंकी हमले जैसी स्थिति तैयार की गई। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी, आतंकियों से निपटने की रणनीति, बंधकों को सुरक्षित निकालने, घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का अभ्यास किया। अभियान के दौरान देखा गया कि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षाबल कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से कार्रवाई कर सकते हैं। अभ्यास में एसओजी जम्मू, एनएसजी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। एसओपी की भी समीक्षा की गई ताकि यात्रा के दौरान हर चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मॉक ड्रिल सिर्फ रघुनाथ मंदिर तक सीमित नहीं रहेगी। अमरनाथ यात्रा को देखते हुए जम्मू के अन्य महत्वपूर्ण व संवेदनशील स्थलों पर भी ऐसे संयुक्त अभ्यास किए जाएंगे। इनका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाना और हर संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयारी पुख्ता करना है। जम्मू पुलिस ने अनुसार अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसको ध्यान में रखते हुए यात्रा शुरू होने से पहले लगातार मॉक ड्रिल व सुरक्षा अभ्यास किए जा रहे हैं।
रघुनाथ मंदिर परिसर में आतंकरोधी अभ्यास करते एनएसजी व एसओजी के जवान स्रोत पुलिस- फोटो : samvad