अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा 2023 की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जम्मू शहर में यात्रियों को ठहराव सहित अन्य सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में 26 जून को डीसी अवनी लवासा, एडीसी हरविंदर सिंह और एडीसी संदीप संयोत्रा रिहर्सल (ड्राइ रन) कर स्थिति का जायजा लेंगे। डीसी ने सभी इंचार्ज अफसरों को 26 जून को अपने-अपने केंद्र में मौजूद रहेंगे और सभी सुविधाओं को सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।
डीसी अवनी लवासा भगवती नगर का दौरा करेंगी। वहीं, एडीसी हरविंदर सिंह रेलवे स्टेशन जम्मू स्थित सरस्वती धाम, पंचायत भवन, वैष्णवी धाम और टीआरसी का दौरा करेंगे। एडीसी संदीप सौंत्रा परेड स्थित गीता भवन, पुरानी मंडी स्थित राम मंदिर और महाजन हाल का दौरा करेंगे। उक्त अधिकारी इस दौरान यात्रियों के लिए बिजली-पानी, रहने और पंजीकरण काउंटर आदि सुविधाओं का जायजा लेंगे। संबंधित स्थानों के इंचार्ज को सोमवार शाम 4 बजे मौजूद रहने के लिए कहा गया है। अधिकारी रिहर्सल के बाद खामियों को दूर करने के साथ ही सुविधाओं को अंतिम रूप देने का आदेश देंगे।
अमरनाथ यात्रा, केंद्रीय रक्षामंत्री के दौरे से पहले सुरक्षा चाक चौबंद
आगामी श्री अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षाबलों की लगभग सभी जगहों पर तैनाती कर दी गई है। खासकर सीमांत इलाकों को शहर से जोड़ने वाले तमाम रास्तों पर अर्धसैनिक बलों और संबंधित थानों की पुलिस तैनात की गई है। यही कर्मी 26 जून को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचने वाले केंदीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सुरक्षा में भी मौजूद रहेंगे। इसे लेकर शहर और इसके आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट किया गया है। आधार शिविर भगवती नगर, परेड स्थित गीता भवन, पुरानी मंडी स्थित राम मंदिर और महाजन हाल, रेलवे स्टेशन जम्मू स्थित सरस्वती धाम, पंचायत भवन, वैष्णवी धाम और टीआरसी को सुरक्षाबलों ने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। इन जगहों पर साधुओं और अन्य यात्रियों को ठहराया जाएगा। इनकी सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों और पुलिस की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर भी पुलिस के विशेष दल को तैनात किया गया है।