हिमालय की पहाड़ियों में स्थित अमरेश्वर धाम में विराजे बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं ने कदम बढ़ा दिया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीरवार सुबह करीब पांच बजे जम्मू के भगवतीनगर आधार शिविर से 4,822 भक्तों के पहले जत्थे को रवाना किया। 259 वाहनों से ये श्रद्धालु शाम को पहलगाम और बालटाल आधार शिविर पहुंच गए। शुक्रवार सुबह ये सभी आधार शिविर से अन्य श्रद्धालुओं के साथ पवित्र गुफा की ओर रवाना हो जाएंगे और महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
#WATCH | Jammu and Kashmir | The first batch of devotees departs from Nunwan base camp in Pahalgam for their pilgrimage to the Holy cave of Shri Amarnath Ji pic.twitter.com/GmRhzmrSOn
— ANI (@ANI) July 3, 2026
डीजीपी सुरक्षा और तैयारियां परखीं
डीजीपी नलिन प्रभात ने पहलगाम में जाकर अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और जवानों से बातचीत की और सभी सुरक्षा एजेंसियों और सिविल प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत पर जोर दिया।
हर-हर महादेव से गूंज रहे यात्री निवास और आधार शिविर
तीर्थयात्रियों के पहुंचने से बालटाल और पहलगाम आधार शिविर बाबा बर्फानी और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी। श्रद्धालु शिव के रंग में रंगे दिखे।
पुष्प वर्षा...लखनपुर से आधार शिविर तक पूरे रास्ते में स्वागत
अमरनाथ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का जम्मू-कश्मीर से लेकर सांबा, जम्मू, उधमपुर, रामबन, कुलगाम, बालटाल और पहलगाम में गर्मजोशी से स्वागत हो रहा है। स्थानीय लोग ही नहीं, विभिन्न संगठनों के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी भी श्रद्धालुओं का फूलमालाओं और पुष्पवर्षा कर स्वागत कर रहे है।