श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर शिवभक्तों में उत्साह है। उन्हें न आतंकवाद का डर है, न मन में कोई दहशत। ऐसा जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन के बाद बदले हालात से हुआ है। इस साल रिकॉर्ड श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। इस बीच, बीसी रोड स्थित पीएनबी बैंक शाखा में कृष्णा नगर की बस्ती मरालियां के मीरां साहिब वासी सुरेंद्र कुमार जिले में पंजीकरण करवाने वाले पहले श्रद्धालु बने।
बैंक शाखा में प्रत्येक यात्री पंजीकरण शुल्क 120 रुपये रखा है। आवेदन को आधार लिंक किया जा रहा है। बार कोड के माध्यम से यात्रा अनुमति का ब्योरा मिलेगा। सुरेंद्र ने बताया कि बालटाल से 16वीं बार बाबा के दर्शन के लिए जा रहे हैं।
पीएनबी शाखा रिहाड़ी में पहुंचे ज्यूल वासी राकेश कौल ने कहा कि वह पांचवीं बार जा रहे हैं। इस बार बालटाल रूट से दरबार में पहुंचेंगे। दूसरी बार बालटाल रूट से यात्रा पर जा रहीं ग्रेटर कैलाश वासी दिव्य शर्मा ने कहा कि यात्रा को लेकर काफी उत्साह है। तालाब तिल्लो वासी डॉ. त्रिषी गुप्ता और रोहित गुप्ता ने बताया कि विकट परिस्थितियों में भी बाबा भक्तों के साथ खड़े रहे हैं।
आतंकवाद को करारा जवाब देने के लिए वे दर्शन के लिए जाएंगे। त्रिषा बालटाल रूट से छठी और रोहित 14वीं बार यात्रा के लिए जा रहे हैं। पलोड़ा वासी अनिल शर्मा ने बताया कि अस्वस्थ होने के कारण पिछले साल नहीं जा सके, लेकिन अब जोश के साथ चौथी यात्रा करेंगे।