अमरनाथ यात्रा रद्द होने के बाद यात्रियों के लिए श्रीनगर में बनाए गए कैंपों को अब कोविड स्क्रीनिंग सेंटरों में तबदील किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार श्रीनगर के पंथा चौक इलाके में बनाए गए यात्रा कैंप को जिला प्रशासन ने गैर स्थानीय मजदूरों के लिए कोविड स्क्रीनिंग सेंटर में बदलने का फैसला लिया है। यहां बाहर से आने वाले मजदूरों का कोविड टेस्ट किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार डीसी श्रीनगर शाहिद इकबाल चौधरी ने बुधवार को पंथा चौक के कैंप में चल रहे काम का जायजा लिया। वहीं एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की कि इस कैंप को स्क्रीनिंग सेंटर में तबदील किया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः पांच अगस्त को घर-घर लहराएगा तिरंगा, अनुच्छेद 370 हटने की पहली वर्षगांठ पर भाजपा ने की ये तैयारी
बता दें कि कोरोना वायरस को तेजी से फैलते देख कश्मीर संभाग के सभी 10 जिलों में बुधवार शाम से 27 जुलाई तक लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। बागवानी-कृषि गतिविधियों और जरूरी सामान की आपूर्ति वाले वाहनों को इससे छूट रहेगी। वहीं, जम्मू संभाग के सांबा जिले में जिला प्रशासन ने विजयपुर के बाद सांबा, बाड़ी ब्राह्मणा और घगवाल तहसील में लॉकडाउन घोषित कर दिया है। सांबा जिले की तीन तहसीलों में आवश्यक सेवाओं और वस्तुओं को छोड़ सभी गतिविधियां 26 जुलाई तक बंद रहेंगी।
कश्मीर के मंडलायुक्त पांडुरंग के पोले ने बताया कि घाटी में किसी भी जिले में छूट नहीं दी जाएगी। हर जिले में लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच बुधवार शाम से ही श्रीनगर शहर में पुलिस वाहन हरकत में आ गए और लॉकडाउन की मुनादी कर दी गई।
अनलॉक 2.0 के बाद कश्मीर में कोविड 19 के संक्रमित मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में अब तक 15000 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। कश्मीर संभाग में 250 तक लोगों की मौत हो चुकी है। डॉक्टरों और सिविल सोसायटी के सदस्यों ने दोबारा लॉकडाउन की अपील की थी।