जम्मू-कश्मीर पुलिस की सिक्योरटी विंग ने वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए भगवती नगर आधार शिविर की कमान संभाल ली है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। सीआरपीएफ की सात कंपनियों को बेस कैंप और उसके आसपास के साथ-साथ जम्मू के अन्य संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। इस बार अमरनाथ यात्रा मार्ग के साथ ही जवान गांवों में भी तैनात रहेंगे।
संभागीय आयुक्त जम्मू, रमेश कुमार ने जम्मू में तीर्थयात्रियों के लिए मुख्य आधार शिविर, भगवती नगर यात्री निवास का दौरा किया और तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था का जायजा लिया। कुमार ने परिवहन, तीर्थयात्रियों के लिए आवास, लंगर, संचार केंद्रों, चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सा टीमों की तैनाती, स्वच्छता, अस्थायी शौचालयों की स्थापना और मोबाइल शौचालय वैन की स्थापना, बिजली की निर्बाध आपूर्ति की विस्तृत व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती और अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने पर जोर दिया। उन्होंने जम्मू नगर निगम (जेएमसी) को शहर का सौंदर्यीकरण शुरू करने का भी निर्देश दिया, जबकि पर्यटन विभाग को प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स और बैनर लगाने के लिए कहा।
सूत्रों का कहना है कि लखनपुर से लेकर कश्मीर तक नेशनल हाईवे पर करीब 70 जगहों पर सीआरपीएफ का विशेष प्रशिक्षित दस्ता तैनात किया गया है। यह दस्ता वाहनों की आवाजाही के दौरान जांच करेगा। इनके साथ संबंधित थानों की पुलिस भी तैनात रहेगी। साथ ही सीआईएसएफ के जवान भी कुछ जगहों पर तैनात किए जाएंगे। यह भी बताया जा रहा है कि जम्मू कश्मीर पुलिस का आतंकरोधी दल भी हाईवे पर कई जगहाें पर विशेष रूप से जांच करेगा।
बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जाने वाले साधु-संतों का जम्मू में पहुंचने का सिलसिला जारी है। एक सप्ताह में 65 साधु-संत आ चुके हैं। आगामी सप्ताह में संख्या 100 से 150 तक पहुंचने की उम्मीद है। पुरानी मंडी स्थित राम मंदिर में साधु-संतों के विश्राम और भोजन की व्यवस्था की गई है। सुबह-शाम मंदिर भोले के भजनों से गूंज रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे साधु-संत बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए उत्साहित हैं।